बालोद।गुंडरदेही विकासखंड के विभिन्न विद्यालयों में शिक्षा व्यवस्था का जायजा लेने जिला शिक्षा अधिकारी मधुलिका तिवारी ने आज औचक निरीक्षण किया। उन्होंने स्कूलों में बच्चों की पढ़ाई, उपस्थिति और बोर्ड परीक्षा की तैयारियों की स्थिति देखी।
देवरी (ख) स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में उन्होंने बोर्ड कक्षा के छात्रों से सीधा संवाद किया और उनकी पढ़ाई को लेकर जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि कमजोर विद्यार्थियों के लिए मेंटर शिक्षक अब तक नियुक्त नहीं किए गए थे, जिस पर प्राचार्य को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है।
तिवारी ने अधूरे पाठ्यक्रम वाले विषयों और कठिन विषयों के लिए अतिरिक्त कक्षाएं लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने शिक्षकों से कहा कि वे छात्रों को ब्लू प्रिंट के अनुसार परीक्षा की तैयारी करवाएं ताकि बेहतर परिणाम सुनिश्चित हो सके।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि प्राचार्य और शिक्षक अभिभावकों से संपर्क बनाकर बच्चों की उपस्थिति नियमित कराएं। इसके साथ ही उन्होंने कार्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी गुंडरदेही का भी निरीक्षण कर कार्यों की समीक्षा की।
इस मौके पर सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्रद्धा ठाकुर और बीआरसीसी किशोर साहू भी मौजूद रहे।
मधुलिका तिवारी ने कहा कि “विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। हर बच्चे को बेहतर सीखने का अवसर मिले, इसके लिए सभी शिक्षक जिम्मेदारी से काम करें।”




















