प्रदेश रूचि

बालोद में पेयजल संकट गहराया, नेताप्रतिपक्ष कसीमुद्दीन कुरैशी के नेतृत्व में प्रदर्शन, नपा अध्यक्ष ने जनता से मांगी माफी

बालोद। शहर में लगातार गहराते पेयजल संकट को लेकर बुधवार को नगर पालिका कार्यालय के सामने नेताप्रतिपक्ष कसीमुद्दीन कुरैशी के नेतृत्व में कांग्रेसी पार्षदों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए नगर के वार्डों में व्याप्त जल समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की।

बता दें कि बुधवार को नगर पालिका की सामान्य सभा की बैठक आयोजित हुई, जिसमें कुल 12 बिंदुओं पर चर्चा की गई। बैठक के दौरान कांग्रेस पार्षदों ने पेयजल संकट, शहर की सफाई व्यवस्था और ठप पड़े विकास कार्यों पर कड़ा असंतोष जताया।

तीन में से दो मोटर पंप खराब, 20 वार्डों में सूखे नल

बालोद नगर पालिका अंतर्गत फिल्टर प्लांट की तीन में से दो मोटर पंप खराब हो जाने से सोमवार और मंगलवार की सुबह नगर की पांचों पानी टंकियों में जल आपूर्ति नहीं हो पाई। परिणामस्वरूप 20 वार्डों में लगभग तीन हजार से अधिक नलों से पानी नहीं आया, जिससे नागरिकों को निजी बोर से पानी की व्यवस्था करनी पड़ी।

नेताप्रतिपक्ष कसीमुद्दीन कुरैशी ने बताया कि फिल्टर प्लांट पिछले एक सप्ताह से खराब पड़ा है, जिसके चलते नगर के कई वार्डों में पानी की किल्लत गहराती जा रही है। उन्होंने कहा— “फिल्टर प्लांट का मोटर और पंप अत्यंत जर्जर हो चुका है, जो आए दिन खराब होता रहता है। शहर में जल संकट विकराल रूप ले चुका है। अतः मोटर बदलने के लिए जिला खनिज न्यास से राशि स्वीकृत की जाए, ताकि स्थायी समाधान हो सके।”

आठ महीने से ठप पीएम आवास योजना

पार्षद विनोद शर्मा ने सामान्य सभा के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि “नगर पालिका के अंतर्गत आवास योजना का कार्य बेहद धीमी गति से चल रहा है। लगभग 250 आवेदन में से केवल 67 स्वीकृत किए गए हैं, जबकि 15 हितग्राहियों को वर्क ऑर्डर जारी हुआ है। लेकिन उन्हें अब तक निर्माण की पहली किस्त नहीं दी गई है।”विनोद शर्मा ने मांग की कि पात्र हितग्राहियों को शीघ्र राशि आवंटित कर निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जाए।

https://www.facebook.com/share/v/1CoMyhuemg/

नपा अध्यक्ष प्रतिभा चौधरी ने जनता से मांगी माफी

नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिभा चौधरी ने वीडियो जारी कर बालोद की जनता से माफी मांगी। उन्होंने कहा— “मैं सर्वप्रथम बालोद की जनता से माफी मांगना चाहती हूं और खेद व्यक्त करती हूं कि पानी की सप्लाई में व्यवधान आया है। फिल्टर प्लांट में लगी मशीनें 7-8 वर्ष पुरानी हैं, जिनमें से दो खराब हो चुकी हैं। हम सभी पार्षद व कर्मचारी मिलकर स्थिति को सुधारने के प्रयास में जुटे हैं।”

दो माह पहले ही दी थी चेतावनी

नेताप्रतिपक्ष कसीमुद्दीन कुरैशी ने बताया कि दो माह पहले ही फिल्टर प्लांट के निरीक्षण के दौरान मोटर की खराबी की जानकारी मिलने पर उन्होंने सीएमओ को ज्ञापन सौंपा था, लेकिन प्रशासन ने उस पर ध्यान नहीं दिया।
अब मोटर पूरी तरह खराब हो जाने से शहर को जल संकट झेलना पड़ रहा है।

धरना-प्रदर्शन में विनोद शर्मा, सुनील मालेकर, सुमित शर्मा, रीता सोनी, निर्देश पटेल, सतीश यादव और किरण साहू सहित कई पार्षद शामिल रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!