प्रदेश रूचि

बालोद शहर में चरमराई यातायात व्यवस्था, दिवाली से पहले जाम ने बढ़ाई परेशानी

बालोद। जिला मुख्यालय बालोद में यातायात विभाग की अनदेखी और नगरपालिका प्रशासन की लापरवाही के चलते शहर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। दिवाली से पहले बाजारों में बढ़ी भीड़ के बीच बुधवार शाम बुधवारी बाजार मार्ग और सदर रोड पर भारी जाम लग गया, जिससे लोगों को घंटों परेशानी का सामना करना पड़ा।

शहर के गंजपारा से लेकर जवाहर मार्केट तक प्रमुख मार्गों पर कब्जा कर दुकानदारी किए जाने और सड़कों पर अव्यवस्थित रूप से दोपहिया-चारपहिया वाहन खड़े करने से आए दिन जाम की स्थिति बन रही है। कई व्यापारी अपनी गाड़ियां भी मुख्य सड़कों पर ही खड़ी कर देते हैं, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो जाता है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि बालोद को जिला बने 12 वर्ष हो गए, लेकिन अब तक प्रशासन या यातायात विभाग ने अवैध कब्जों को हटाने के लिए ठोस कदम नहीं उठाया। नतीजतन शहर का यातायात बेकाबू होता जा रहा है।

नगरपालिका प्रशासन की ओर से केवल अपीलें की जा रही हैं कि व्यापारी दुकान के बाहर सामान न रखें और वाहन मुख्य मार्ग पर न खड़े करें, लेकिन इन अपीलों का कोई असर दिखाई नहीं देता।

शहरवासी अब उम्मीद कर रहे हैं कि आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए प्रशासन सख्ती बरते और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने ठोस कदम उठाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!