प्रदेश रूचि

दूसरे दिन भी रहा दल्लीराजहरा बंद,व्यापारियों ने गिरफ्तारी को बताया अन्याय,चेंबर ऑफ कॉमर्स ने दिया आंदोलन को समर्थन,प्रदेश बंद की चेतावनी

 

बालोद। दल्लीराजहरा नगर पालिका के भाजपा समर्थित पार्षद व सनातनी नेता विशाल मोटवानी की गिरफ्तारी के विरोध में शनिवार को लगातार दूसरे दिन भी नगर का व्यवसाय पूरी तरह से ठप रहा। व्यापारी संघ के आह्वान पर दुकानदारों ने अपनी-अपनी दुकानें बंद रखीं और गुप्ता चौक में बने पंडाल पर धरने में शामिल होकर अपना विरोध दर्ज कराया।

चेंबर ऑफ कॉमर्स का समर्थन

गुप्ता चौक पर जारी आंदोलन में छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स के प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी समेत पदाधिकारी पहुंचे और व्यापारी हित में इस आंदोलन को जायज ठहराया। मंच से व्यापारियों को संबोधित करते हुए थौरानी ने कहा कि व्यापारी चाहे चेंबर का सदस्य हो या न हो, वह हमारे परिवार का हिस्सा है। विशाल मोटवानी लंबे समय से व्यापारियों की आवाज़ उठाते रहे हैं, ऐसे में उनकी गिरफ्तारी प्रशासन की दबाव बनाने की कार्रवाई है।
उन्होंने चेतावनी दी कि अगर प्रशासन ने शीघ्र ही मोटवानी को रिहा नहीं किया तो जल्द ही प्रदेश व्यापारी संगठन पूरे छत्तीसगढ़ को बंद करने पर मजबूर होगा। कार्यक्रम के बाद चेंबर पदाधिकारी बालोद भी पहुंचे और एसपी से मिलकर मामले की जानकारी ली।

डीजे बंद करने को लेकर हुआ था विवाद

आरोप है कि 10 सितंबर की रात गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान निर्धारित समय सीमा के बाद डीजे बजने पर पुलिस और पार्षद विशाल मोटवानी के बीच विवाद हुआ था। पुलिस का आरोप है कि ड्यूटी में तैनात एएसआई से मोटवानी ने गाली-गलौच और धक्का-मुक्की की, जिसके बाद गैर-जमानती धाराओं 132, 221 और 296 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। वही इसके विरोध में शुक्रवार को व्यापारी संघ ने थाना प्रभारी और एसडीएम को ज्ञापन सौंपा, लेकिन उसके बाद पुलिस ने मोटवानी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

आसपास से भी मिला समर्थन

व्यापारी संघ के इस आंदोलन को न सिर्फ स्थानीय व्यापारियों ने समर्थन दिया, बल्कि डौंडी, कुसुमकसा, बालोद, रायपुर और राजहरा इकाई समेत छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स के विभिन्न पदाधिकारी भी इसमें शामिल हुए।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!