प्रदेश रूचि

बिजली बिल से दोगुना बोझ, कांग्रेस ने साधा निशाना…साय सरकार ने जनता की जेब पर डाला अतिरिक्त बोझ, कांग्रेस करेगी आंदोलन

बालोद/रायपुर।छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने आरोप लगाया है कि भाजपा सरकार ने बिजली बिल हाफ योजना बंद कर जनता पर दोहरी मार डाल दी है। कांग्रेस संचार विभाग अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि इस माह बिजली उपभोक्ताओं को दोगुना बिल थमाया गया है, जिससे लोग परेशान हैं।

शुक्ला ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने 400 यूनिट तक की खपत पर बिजली बिल आधा करने की योजना शुरू की थी, जिससे प्रदेश के लगभग 54 लाख उपभोक्ताओं को राहत मिली और पांच साल में प्रत्येक उपभोक्ता को 40 से 50 हजार रुपये तक की बचत हुई। लेकिन मौजूदा साय सरकार ने नियम बदलकर केवल 100 यूनिट तक ही हाफ बिल का लाभ दिया है। 101 यूनिट खपत होते ही उपभोक्ताओं को पूरा बिल देना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि जिन उपभोक्ताओं का बिल पिछले महीने 800-900 रुपये आता था, उन्हें अब 1800-2000 रुपये तक का बिल थमाया गया है। अभी तो बरसात का मौसम है, गर्मी में खपत बढ़ने पर जनता की परेशानी और बढ़ेगी। स्मार्ट मीटर और प्रीपेड मीटर के नाम पर अडानी कंपनी को लाभ पहुंचाने की तैयारी की जा रही है। यह फैसला पूरी तरह जनविरोधी है और कांग्रेस इसका विरोध करेगी।

बालोद जिला कांग्रेस नेताओं की प्रतिक्रिया

संजारी बालोद विधायक संगीता सिन्हा ने कहा कि भाजपा सरकार जनता से छल कर रही है। “गांव-गांव में लोग दोगुने बिल की वजह से परेशान हैं। गरीब परिवारों को रसोई चलाना मुश्किल हो गया है। बिजली उपभोक्ता कांग्रेस शासन में राहत महसूस करते थे लेकिन अब यह सरकार महंगी बिजली से जनता का जीना मुश्किल बना रही है।”

 

कांग्रेस जिलाध्यक्ष चंद्रेश हिरवानी ने कहा कि “भाजपा सरकार का असली चेहरा सामने आ गया है। चुनाव में मुफ्त बिजली का झांसा देकर जनता को बहकाया गया और अब बिल दोगुना कर दिया गया। आने वाले दिनों में कांग्रेस कार्यकर्ता हर गांव और मोहल्ले में जाकर इस मुद्दे को उठाएंगे।”

महामंत्री रत्तीराम कोसमा ने कहा कि “सरकार के इस फैसले से आदिवासी अंचलों और गरीब परिवारों की हालत बदतर हो रही है। किसान, मजदूर और छोटे दुकानदार बिजली के बढ़ते बिल से त्रस्त हैं। कांग्रेस सड़कों पर उतरकर इसका विरोध करेगी।”

जिला पंचायत सदस्य मिथलेश निरोटी ने कहा कि “गांवों में स्मार्ट मीटर के नाम पर लूट मचाई जा रही है। मीटर रीडिंग और खपत का हिसाब पारदर्शी नहीं है। हर पंचायत से इस पर विरोध दर्ज हो रहा है।”

कांग्रेस नेता धीरज उपाध्याय  ने कहा कि “भाजपा सरकार ने मध्यमवर्गीय लोगों के सामने सबसे बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है। बढ़े बिलों की वजह से घर का बजट गड़बड़ा गया है। मध्यमवर्गीय परिवार सबसे ज्यादा प्रभावित हो रही हैं।”

अंचल प्रकाश साहू (युवा कांग्रेस नेता, बालोद) ने कहा कि “साय सरकार पूरी तरह से कॉरपोरेट घरानों के दबाव में काम कर रही है। बिजली जैसी मूलभूत सुविधा को भी महंगे दाम पर जनता को बेचा जा रहा है। कांग्रेस इस अन्याय के खिलाफ आंदोलन करेगी।”

युवा कांग्रेस नेता सुमित शर्मा ने कहा कि “युवाओं के रोजगार छिन रहे हैं, ऊपर से सरकार बिजली जैसी बुनियादी सुविधा को भी महंगा बना रही है। कांग्रेस युवा मोर्चा इसका हर स्तर पर विरोध करेगा।”

प्रदेश कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि अगर सरकार ने बिजली बिल हाफ योजना बहाल नहीं की और उपभोक्ताओं को राहत नहीं दी तो आने वाले दिनों में प्रदेशभर में आंदोलन तेज किया जाएगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!