मुंबई में क्रूज़ पर्यटन को नई दिशा देगा ‘वाटरवेज टू वंडर’ सम्मेलन
मुंबई, भारत में क्रूज़ पर्यटन की संभावनाओं को रफ्तार देने और इसे वैश्विक स्तर पर स्थापित करने के उद्देश्य से मुंबई पोर्ट ट्रस्ट, भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण (आईडब्ल्यूएआई) और भारतीय बंदरगाह संघ (आईपीए) के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार, 18 अगस्त को मुंबई में ‘वाटरवेज टू वंडर: अनलॉकिंग क्रूज़ टूरिज्म’ सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में पर्यटन मंत्रालय, महाराष्ट्र पर्यटन विकास निगम और समुद्री–पर्यटन क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञ प्रस्तुतियां देंगे और पैनल चर्चाओं के माध्यम से रणनीतिक दृष्टि, नीतिगत सुधार, सांस्कृतिक एवं तटीय यात्रा कार्यक्रम, क्रूज़ टर्मिनल संचालन की आधुनिक विधियां तथा हरित बंदरगाह रणनीतियों पर विचार रखेंगे।
सम्मेलन के दौरान ‘नाविक सेल 4’ की विशेष प्रस्तुति भी होगी, जिसमें पर्यटन और नौकाओं से जुड़े हालिया सुधार और उपलब्धियां प्रदर्शित की जाएंगी। एमओपीएसडब्ल्यू द्वारा स्थापित यह प्रकोष्ठ समुद्री, नदी और लाइटहाउस पर्यटन को बढ़ावा देकर भारत को क्रूज़ पर्यटन का वैश्विक केंद्र बनाने की दिशा में काम कर रहा है। इस अवसर पर आईडब्ल्यूएआई के अध्यक्ष और नाविक सेल 4 के नोडल अधिकारी विजय कुमार (आईएएस) मुख्य भाषण देंगे।
कार्यक्रम में उद्योग विशेषज्ञों की पैनल चर्चा भी होगी, जिसमें आईपीए के प्रबंध निदेशक विकास नरवाल (आईएएस), आईडब्ल्यूएआई के मुख्य अभियंता ए.के. बंसल, जल परिवहन मंत्रालय के क्रूज़ निदेशक ओपेश शर्मा, अंतरा क्रूज़/हेरिटेज रिवर जर्नीज़ प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधि और नॉर्डिक क्रूज़लाइन प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक विकास मालवीय समेत अन्य प्रमुख नदी क्रूज़ ऑपरेटर हिस्सा लेंगे।
सम्मेलन का समापन इंडिया मैरीटाइम वीक (आईएमडब्ल्यू) 2025 की प्रस्तुति के साथ होगा। यह आयोजन अक्टूबर में होगा और इसका उद्देश्य समुद्री क्षेत्र में अवसरों, घरेलू विकास और अंतरराष्ट्रीय सहयोग को नई गति प्रदान करना है।




















