प्रदेश रूचि

छत्तीसगढ़ के 1.41 लाख किसानों को 152.84 करोड़ का दावा….भुगतान 11 अगस्त को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का DBT ट्रांसफर

 

रायपुर।किसानों की आर्थिक सुरक्षा की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए भारत सरकार 11 अगस्त को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना एवं मौसम आधारित फसल बीमा योजना के तहत छत्तीसगढ़ के 1,41,879 पात्र बीमित किसानों के खातों में 152 करोड़ 84 लाख 62 हजार रुपये सीधे ट्रांसफर करेगी। यह राशि राष्ट्रव्यापी प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण (DBT) प्रणाली के माध्यम से दी जाएगी।

खरीफ सीजन 2024 में 33,943 किसानों को 10 करोड़ 25 लाख 97 हजार रुपये, जबकि रबी सीजन 2024-25 में 1,07,936 किसानों को 142 करोड़ 58 लाख 65 हजार रुपये का भुगतान किया जाएगा।

यह राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम राजस्थान के झुंझुनू में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में आयोजित होगा। मुख्य अतिथि होंगे राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, जबकि केंद्रीय मंत्री भागीरथ चौधरी और राजस्थान के कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीना विशिष्ट अतिथि रहेंगे। कार्यक्रम दोपहर 12 बजे से आरंभ होगा और वर्चुअल माध्यम से छत्तीसगढ़ के किसान भी इसमें जुड़ सकेंगे।

जिला और विकासखण्ड स्तर पर किसानों को कार्यक्रम से जोड़ने के लिए कृषि विभाग ने आवश्यक व्यवस्थाएं कर ली हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा— “किसानों की आर्थिक सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना किसानों को प्राकृतिक आपदाओं और फसल हानि से उबारने में अहम भूमिका निभा रही है। यह दावा भुगतान उनके विश्वास और आत्मनिर्भरता को और मजबूत करेगा। हमारी सरकार खेती को लाभकारी बनाने, सिंचाई सुविधाओं का विस्तार, आधुनिक तकनीक का प्रसार और फसल विविधीकरण के माध्यम से प्रदेश की कृषि को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए संकल्पित है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!