बालोद।छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री और बालोद जिले के प्रभारी मंत्री विजय शर्मा ने सोमवार को संयुक्त जिला कार्यालय में अफसरों की बड़ी बैठक ली। उन्होंने जिले में चल रही शासकीय योजनाओं की प्रगति पर बारीकी से नजर डाली और अफसरों से कहा कि वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से काम करते हुए बालोद को एक “अग्रणी और आदर्श जिला” बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाएं।

गन्ना उत्पादन बढ़ाने पर फोकस
मंत्री शर्मा ने गन्ना की फसल को किसानों की आर्थिक स्थिति सुधारने का बड़ा जरिया बताया। उन्होंने साफ किया कि इस बार कम से कम 3000 हेक्टेयर में गन्ने की खेती सुनिश्चित की जाए। इसके लिए करकाभाठ स्थित शक्कर कारखाने के प्रबंधक और कृषि विभाग को ठोस रणनीति बनाने के निर्देश दिए। साथ ही किसानों से सीधे संवाद कर उन्हें गन्ना उत्पादन के लिए प्रेरित करने की बात भी कही।

कुपोषण पर जनसहभागिता से वार
महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा में मंत्री ने कहा कि कुपोषण से निपटने के लिए सिर्फ सरकारी योजनाएं नहीं, बल्कि आम लोगों की भागीदारी भी जरूरी है। उन्होंने सुझाव दिया कि कुपोषित बच्चों को गोद लेने वाले लोग उनके लिए पोषण व्यवस्था में आर्थिक सहयोग दें। अफसरों के साथ-साथ जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और स्थानीय लोग भी इसमें आगे आएं।
नशे के खिलाफ सख्ती और जनजागरूकता दोनों जरूरी
जुआ, सट्टा, शराब, गांजा और अन्य मादक पदार्थों की अवैध बिक्री पर कड़ा रुख अपनाते हुए श्री शर्मा ने पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल को निर्देश दिए कि दवा दुकानों और कुरियर सर्विस वालों के साथ विशेष बैठकें कर संभावित नेटवर्क की पहचान करें। ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई सुनिश्चित हो। इसके अलावा, नशे के खिलाफ जनजागरूकता अभियान नियमित रूप से चलाने पर जोर दिया।
शासकीय योजनाओं की समीक्षा, हर विभाग पर पैनी नजर
बैठक में जल जीवन मिशन, शिक्षा, रोजगार, परिवहन, खाद्य, आदिवासी विकास, वन, क्रेडा सहित सभी विभागों के कामों की समीक्षा की गई। मंत्री ने अपूर्ण कार्यों को जल्द निपटाने और गुणवत्ता से समझौता न करने की सख्त हिदायत दी।
कलेक्टर की पहल की सराहना
मंत्री शर्मा ने कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा की अगुवाई में जल जतन अभियान, सघन वृक्षारोपण, अग्निवीर भर्ती प्रशिक्षण जैसे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे नवाचार ही जिले को अलग पहचान दिलाते हैं।
नेताओं-अफसरों की रही पूरी मौजूदगी
बैठक में संजारी बालोद विधायक संगीता सिन्हा, गुण्डरदेही विधायक कुंवर सिंह निषाद, जिला पंचायत अध्यक्ष तारिणी पुष्पेंद्र चंद्राकर, कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा, एसपी योगेश पटेल, सीईओ सुनील चंद्रवंशी, एएसपी मोनिका ठाकुर, डीएफओ अभिषेक अग्रवाल समेत तमाम विभागीय अधिकारी मौजूद थे।
बैठक के अंत में मंत्री शर्मा को स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया गया।




















