प्रदेश रूचि

सिर्फ ₹20 में मिलेगा भरपेट पौष्टिक भोजन, गुण्डरदेही में ‘श्री राम रसोई’ के लिए स्थल चयनित

धमतरी चौक और बस स्टैंड क्षेत्र में अतिशीघ्र शुरू होगी सेवा

गुण्डरदेही,।गरीब और जरूरतमंदों को मात्र 20 रुपये में भरपेट भोजन उपलब्ध कराने की उद्देश्य से ‘श्री राम रसोई’ अब नगर पंचायत गुण्डरदेही में भी शुरू होने जा रही है। इसके लिए बस स्टैंड और धमतरी चौक स्थित जैन कॉम्प्लेक्स को स्थल के रूप में चयनित किया गया है।

इस रसोई के तहत लोगों को दोपहर 12 बजे से 2.30 बजे तक रोटी, चावल, दाल, सब्जी और अचार जैसे पौष्टिक भोजन की थाली केवल ₹20 में उपलब्ध होगी। मंगलवार को नगर पंचायत अध्यक्ष प्रमोद जैन और ‘श्री राम रसोई’ के संरक्षक चतुर्भुज राठी ने प्रस्तावित स्थलों का निरीक्षण किया और जल्द ही संचालन शुरू करने की जानकारी दी।

‘श्री राम रसोई’ पहले से ही दुर्ग और राजनांदगांव जिलों में 18 केंद्रों पर सफलता पूर्वक संचालित हो रही है, जहाँ प्रतिदिन सैकड़ों लोग लाभान्वित हो रहे हैं। इस सेवा का उद्देश्य है कि कोई भी भूखा न सोए और हर जरूरतमंद को स्वच्छ, गर्म व पौष्टिक भोजन सुलभ हो।

नगर पंचायत अध्यक्ष प्रमोद जैन, चतुर्भुज राठी, अजय शर्मा, हेमंत टावरी और अन्य स्वयंसेवी संगठन इस सेवा को सफल बनाने में सक्रिय रूप से योगदान दे रहे हैं।
स्थानीय नागरिकों में इस पहल को लेकर उत्साह देखा जा रहा है। लोगों ने कहा कि महंगाई के इस दौर में इतनी कम कीमत में भरपेट भोजन मिलना बहुत बड़ी राहत है।

‘श्री राम रसोई’ एक सराहनीय सामाजिक पहल है जो समाज के वंचित वर्ग को सम्मानपूर्वक जीवन जीने की दिशा में मजबूत आधार दे रही है। निकट भविष्य में और भी स्थानों पर ऐसे भोजन केंद्र खोलने की योजना है, ताकि अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!