रायपुर, ।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम में इस बार छत्तीसगढ़ की गूंज सुनाई दी। बिलासपुर जिले के बिल्हा नगर पंचायत की महिलाओं द्वारा किए गए स्वच्छता अभियान का जिक्र पीएम मोदी ने अपने संबोधन में किया। उन्होंने सराहना करते हुए कहा – “बिल्हा की महिलाओं ने वेस्ट मैनेजमेंट की ट्रेनिंग लेकर अपने शहर की तस्वीर ही बदल डाली!”

इस उपलब्धि को लेकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में ‘मन की बात’ का सामूहिक श्रवण किया। कार्यक्रम के बाद उन्होंने इसे पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का क्षण बताया। CM साय ने कहा –”बिल्हा की मातृशक्ति ने दिखा दिया कि जब संकल्प और सहयोग साथ हो, तो कोई भी बदलाव मुश्किल नहीं।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह केवल एक स्वच्छता अभियान नहीं बल्कि जनसहभागिता और महिला शक्ति के दम पर बना एक जनांदोलन है। प्रधानमंत्री की सराहना यह साबित करती है कि छत्तीसगढ़ अब सफाई और नवाचार के मामले में पूरे देश के लिए मिसाल बन रहा है।

सीएम साय ने बताया कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत छत्तीसगढ़ के सात शहरों को राष्ट्रीय सम्मान मिला है, जिनमें बिल्हा भी शामिल है। उन्होंने नगर निगमों, CMO, सफाई कर्मचारियों और स्वच्छता दीदियों को इसके लिए बधाई दी।

उन्होंने यह भी बताया कि हाल ही में जशपुर जिले के दौरे पर उन्हें पता चला कि वहां के पांचों नगरीय निकायों ने स्वच्छता रैंकिंग में शानदार प्रदर्शन किया है। CM ने जशपुर में खुद स्वच्छता दीदियों को सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा –“आज छत्तीसगढ़ में स्वच्छता को लेकर सकारात्मक माहौल है। हमने जिस ईमानदारी और प्रतिबद्धता के साथ इस मिशन को आगे बढ़ाया, उसका असर अब राष्ट्रीय स्तर पर दिख रहा है।”
आख़िर में सीएम साय ने ‘मन की बात’ को देश के आम लोगों की खास उपलब्धियों को राष्ट्रीय मंच देने वाला एक प्रेरणादायक अभियान बताया और कहा कि –”ऐसी कहानियाँ न केवल हौसला देती हैं, बल्कि बदलाव की लहर भी बनती हैं।”




















