बालोद/देवरी/सुरसुली (बालोद)।राजनांदगांव जिले में 12 जुलाई 2009 को हुए नक्सली हमले में शहीद हुए 29 वीर जवानों की स्मृति में बालोद जिले के देवरी ग्राम स्थित सुरसुली में संकल्प जनसेवा समिति द्वारा एक भावपूर्ण जनसेवी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस हमले में देवरी के जवान रितेश वैष्णव भी वीरगति को प्राप्त हुए थे। उनकी स्मृति में आयोजित इस कार्यक्रम में स्वास्थ्य जांच शिविर, रक्तदान, वृक्षारोपण, खेल प्रतियोगिताएं और रक्तदाताओं को निःशुल्क हेलमेट वितरण जैसे आयोजन शामिल रहे।

कार्यक्रम में 161 लोगों ने रक्तदान कर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की, जबकि 450 से अधिक लोगों की स्वास्थ्य संबंधी जांच की गई। इनमें 233 रक्त परीक्षण, 203 शुगर जांच, 75 सिकल सेल जांच और 250 सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण शामिल रहे। साथ ही 25 आयुष्मान कार्ड बनाए गए और 50 पौधों का वृक्षारोपण किया गया।

इस मौके पर छत्तीसगढ़ शासन की राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त व पर्यटन मंडल अध्यक्ष नीलू शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष चेमन देशमुख, पूर्व जिला पंचायत सदस्य अभिषेक शुक्ला, जनपद अध्यक्ष कांति सोनबरसा, जिला पंचायत सदस्य प्रभा नायक, ओबीसी मोर्चा जिलाध्यक्ष जितेंद्र साहू, रमेश सोनवानी, पोषण देवांगन, राम नायक,भुवनेश्वरी ठाकुर, सुनील गोलछा, ईश्वर देवांगन, मार्री सरपंच हीना साहू, रोशन साहू, भारत देवांगन, डॉ. नीरज भूसाखरे (देवरी उप स्वास्थ्य केंद्र) एवं छगन साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

श्रद्धांजलि से सेवा तक: समाज को दिया सकारात्मक संदेश
कार्यक्रम के दौरान आयोजित श्रद्धांजलि सभा में नीलू शर्मा और चेमन देशमुख ने 12 जुलाई 2009 की उस विभीषिका को याद करते हुए कहा कि वह दिन छत्तीसगढ़ के इतिहास का काला अध्याय था, जब नक्सलियों ने एंबुश लगाकर बहादुर जवानों को निशाना बनाया। उन्होंने कहा कि इस आयोजन ने समाज को सकारात्मक दिशा दी है — रक्तदान के माध्यम से मानव सेवा, वृक्षारोपण के जरिये पर्यावरण संरक्षण और हेलमेट वितरण के जरिए सुरक्षा का संदेश।

हर वर्ग की रही भागीदारी
सुरसुली ग्राम में आयोजित इस कार्यक्रम में बच्चों, युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन ने युवाओं को एक सशक्त मंच प्रदान किया और सामाजिक जुड़ाव को प्रोत्साहित किया। रक्तदाताओं को हेलमेट देकर उन्हें न केवल सम्मानित किया गया, बल्कि सुरक्षा के प्रति जागरूकता भी बढ़ाई गई।

सम्मान और स्मरण का संयोजन
कार्यक्रम में शहीद रितेश वैष्णव के परिजन – विवेक वैष्णव और परमेश्वर वैष्णव को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। संकल्प जनसेवा समिति ने इस आयोजन को जनसेवा, राष्ट्रसेवा और समाजसेवा के संगम के रूप में प्रस्तुत किया।




















