प्रदेश रूचि

कृषक संगोष्ठी में चंद्रहास चंद्राकर का बड़ा ऐलान – गैर धान फसलों पर मिलेगा 11 हजार का प्रोत्साहन, इस दौरान जुबान भी फिसली..क्या बोले?

बालोद। छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम के अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर ने बालोद जिले के पर्रेगुड़ा स्थित चुरंगिया भवन में आयोजित कृषक संगोष्ठी में किसानों के लिए कई बड़ी घोषणाएं कीं। उन्होंने साफ कहा कि सरकार अब सिर्फ धान पर ही नहीं, बल्कि अन्य फसलों को भी प्रोत्साहन देगी। इसके तहत धान के अलावा अन्य फसल लेने पर किसानों को 11 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि मिलेगी। उन्होंने बताया कि जिस तरह धान पर सरकार 19 हजार रुपये बोनस दे रही है, उसी तर्ज पर वैकल्पिक फसलों को बढ़ावा देने यह नई योजना तैयार की गई है।

वही मीडिया से चर्चा के दौरान चंद्राकर की जुबान भी फिसल गई। उन्होंने कहा – “किसान ज्यादा पैसे के लालच में धान पैदा कर रहे हैं…” हालांकि उन्होंने तुरंत अपनी बात सुधारते हुए कहा – “इसे लालच नहीं कहा जा सकता, यह तो आर्थिक मामला है। सरकार चाहती है कि किसान केवल धान पर निर्भर न रहें और अन्य फसलों की ओर भी रुझान बढ़ाएं।”

बीज निगम में तेजी से फैसले, जल्द आएंगे गामा रिएक्टर प्लांट

कार्यक्रम के दौरान चंद्राकर ने बीज निगम से जुड़ी समस्याओं को गंभीरता से लेने की बात कही और बताया कि अध्यक्ष पद का कार्यभार संभालते ही उन्होंने नोटशीट जारी की है। किसानों की उपज को सुरक्षित रखने के लिए गामा रिएक्टर प्लांट जैसी आधुनिक तकनीक जल्द लागू की जाएगी। उनका कहना था कि सरकार का पूरा जोर किसानों को अधिक मुनाफा दिलाने पर है।

प्रथम आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया भव्य स्वागत

बालोद जिले में चंद्रहास चंद्राकर के बतौर निगम अध्यक्ष यह पहला दौरा था। उनके आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने जिला कार्यालय में जोरदार स्वागत किया। आतिशबाज़ी, पुष्पवर्षा और पारंपरिक अंदाज़ में अभिनंदन कर भाजपा ने अपनी ताकत भी दिखाई।

जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित परिचयात्मक बैठक में चंद्राकर ने संगठन के कार्यकर्ताओं को जनसेवा और निस्वार्थ सेवा का मंत्र देते हुए कहा – “बिना अपेक्षा की सेवा से प्रसिद्धि और समृद्धि अपने आप मिलती है।”

जनप्रतिनिधियों की रही भारी मौजूदगी

इस आयोजन में भाजपा के कई बड़े नेताओं ने हिस्सा लिया। प्रमुख रूप से भाजपा जिला अध्यक्ष चेमन देशमुख, पूर्व विधायक वीरेंद्र साहू, पूर्व जिला अध्यक्ष पवन साहू, यशवंत जैन, कृष्णकांत पवार, लेखराम साहू, महामंत्री राकेश “छोटू” यादव, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिभा चौधरी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष तोमन साहू, जनपद अध्यक्ष सरस्वती टेमरिया, शाहिद खान, मनोहर नाहटा, कमलेश सोनी, शरद ठाकुर, संतोष कौशिक, गिरजेश गुप्ता, पुष्पा साहू, दुर्जन सिंह साहू, कमल बजाज, विनोद गोस्वामी सहित सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता और किसान मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!