
गुरुर ब्लॉक में शिक्षक मंच का गरजता विरोध
गुरुर ब्लॉक में आयोजित धरना प्रदर्शन में शिक्षक साझा मंच के उपसंचालक जितेन्द्र शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने कहा –> “यह केवल युक्तियुक्तकरण का मुद्दा नहीं, यह स्कूलों की बुनियादी संरचना और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का प्रश्न है। सरकार ने 2008 के सेटअप को नजरअंदाज कर जिस तरह से मनमाने ढंग से शिक्षकों का समायोजन किया, उसने पूरी व्यवस्था को संकट में डाल दिया है।”
जितेन्द्र शर्मा ने बताया कि गुरुर ब्लॉक के साथ-साथ अन्य क्षेत्रों में भी शिक्षकों को न तो दावा-आपत्ति का अवसर दिया गया और न ही अपील का समाधान किया गया। जिससे अनेक शिक्षकों ने अदालत का रुख किया।

📝 चार सूत्रीय प्रमुख मांगें
1. पूर्व सेवा अवधि की गणना कर क्रमोन्नत वेतनमान का जनरल ऑर्डर जारी किया जाए।
2. एन.बी. संवर्ग के शिक्षकों को पेंशन सहित अन्य लाभ प्रथम नियुक्ति तिथि से दिए जाएं।
3. पदोन्नति में बीएड की अनिवार्यता समाप्त कर डी.एड. शिक्षकों को भी अवसर दिया जाए।
4. 02 अगस्त 2024 को जारी युक्तियुक्तकरण आदेश को निरस्त कर 2008 के सेटअप के अनुसार पुनः समायोजन हो।
⚠️ प्रक्रिया में भारी विसंगतियों का आरोप
जिला संयोजक देवेंद्र हरमुख ने बताया कि विकासखंड शिक्षा अधिकारियों द्वारा अपने चहेते और कनिष्ठ शिक्षकों को बचाने का खेल खेला गया। अनेक शिक्षकों को अतिशेष घोषित कर मनमाने ढंग से स्थानांतरित किया गया, जिससे शिक्षकों में व्यापक असंतोष है।
उन्होंने कहा –”दो शिक्षकों से पांच कक्षाओं और एक बालवाड़ी का संचालन असंभव है। मुख्यमंत्री स्वयं इसे ‘गुणवत्ता वर्ष’ बता रहे हैं, लेकिन यह युक्तियुक्तकरण इस उद्देश्य के खिलाफ है।”

सभी ब्लॉकों में हुआ प्रदर्शन
बालोद मुख्यालय सहित जिले डौंडी, गुंडरदेही व डौंडीलोहारा, गुरुर ब्लॉक में भी शिक्षकों ने जमकर विरोध किया। ब्लॉक अध्यक्षों और जिला पदाधिकारियों की अगुआई में प्रदर्शन हुआ और एसडीएम को ज्ञापन सौंपा गया।
प्रदर्शन में शामिल प्रमुख शिक्षक नेताओं में शामिल रहे:
योगेन्द्र सिन्हा (प्रांतीय संचालक), वेदप्रकाश साहू (जिला संचालक), एलेन्द्र यादव (जिला उपाध्यक्ष), अश्विनी सिन्हा (जिला सचिव), दयाराम चुरेन्द्र (जिला कोषाध्यक्ष), राजेश यादव,संदीप दुबे, हेमंत देशमुख, गिरवर निर्मलकर, पूनम चंद्राकर, शिवकुमार चौरके, लिपिका कोर्सेवाड़ा सहित जिले के सैकड़ों शिक्षक।
प्रदेशरुचि डिजिटल पर आप पढ़ते रहिए शिक्षकों, शिक्षा व्यवस्था और जनहित आंदोलनों से जुड़ी हर जरूरी खबर।





















