प्रदेश रूचि

प्राचार्यों की समीक्षा बैठक सम्पन्न: उप संचालक चावरे ने दिए दिशा-निर्देश, कमजोर प्रदर्शन वाले स्कूलों पर जताई चिंता

 

बालोद,।शनिवार को उप संचालक, लोक शिक्षण संचालनालय श्री आशुतोष चावरे के द्वारा बालोद जिले के सभी हाई और हायर सेकेंडरी विद्यालयों के प्राचार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। यह बैठक जिला पंचायत के सभाकक्ष में तीन चरणों में सम्पन्न हुई, जिसमें परीक्षा परिणाम के आधार पर विद्यालयों को वर्गीकृत कर अलग-अलग समय पर बैठक ली गई।

प्रथम चरण में प्रातः 11 बजे से दोपहर 12.30 बजे तक उन स्कूलों के प्राचार्यों की बैठक हुई जिनका परीक्षा परिणाम 60 प्रतिशत से कम रहा। द्वितीय चरण में दोपहर 12.30 से 2.00 बजे तक 60 से 80 प्रतिशत परिणाम वाले विद्यालयों के प्राचार्यों से चर्चा की गई। तृतीय चरण में दोपहर 2.30 से शाम 4.00 बजे तक 81 से 100 प्रतिशत परिणाम अर्जित करने वाले स्कूलों के प्राचार्य शामिल हुए।

बैठक में उप संचालक चावरे ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जिन स्कूलों के परीक्षा परिणाम संतोषजनक नहीं रहे हैं, उनके प्राचार्य आगामी परीक्षा सत्र के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करें। उन्होंने ऐसे स्कूलों के प्रमुखों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि गुणवत्ता सुधार की दिशा में त्वरित और प्रभावी कदम उठाए जाएं। वहीं, बेहतर परिणाम देने वाले स्कूलों के प्राचार्यों की सराहना करते हुए उन्हें आगामी योजनाओं के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन दिया गया।

इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी पी.सी. मरकले, एपीसी राजेश्वर राव कृदत्त एवं जिले के सभी विकासखण्डों के विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी (BEO) भी उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!