प्रदेश रूचि

योग दिवस पर बालोद में उमड़ा उत्साह, स्टेडियम में हुआ भव्य आयोजन विधायक ललित चंद्राकर, कलेक्टर, एसपी समेत हजारों लोगों ने किया योग, ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान में किया पौधरोपण

 

बालोद, ।अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर बालोद जिले में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। जिला मुख्यालय से लेकर सभी विकासखंड, नगर निकाय और शासकीय कार्यालयों में लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास किया। कई नागरिकों ने अपने घरों पर भी योग किया।

गंजपारा स्थित इंडोर स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में विधायक ललित चंद्राकर, जिला पंचायत अध्यक्ष तारिणी पुष्पेन्द्र चंद्राकर, उपाध्यक्ष तोमन साहू, कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा, एसपी योगेश पटेल, जनपद अध्यक्ष सरस्वती टेमरिया, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि चेमन देशमुख, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष यज्ञदत्त शर्मा, पवन साहू, केसी पवार, अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक, नूतन कंवर, अजय किशोर लकरा, डिप्टी कलेक्टर प्राची ठाकुर सहित बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी, स्कूली छात्र और आम लोग शामिल हुए।

कार्यक्रम की शुरुआत माँ सरस्वती के चित्र पर पूजा-अर्चना से हुई।
मुख्य अतिथि ललित चंद्राकर ने अपने संबोधन में जिलेवासियों को योग दिवस की बधाई दी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों की सराहना की, जिनकी पहल पर संयुक्त राष्ट्र ने 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस घोषित किया।

चंद्राकर ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की आत्मा है और इसे केवल एक दिन नहीं, बल्कि रोज़मर्रा की जिंदगी में शामिल करना चाहिए। उन्होंने योग को मानसिक और शारीरिक संतुलन का जरिया बताया, जो आज विश्वभर में भारत की पहचान बन चुका है।


उन्होंने यह भी कहा कि योग अब एक बड़ा रोजगार क्षेत्र बन चुका है और देश-विदेश में लाखों लोग इससे जुड़े हैं। साथ ही उन्होंने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत वृक्षारोपण की अपील की और लोगों से 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में सहयोग की बात कही।

कार्यक्रम में योगाचार्य पुरुषोत्तम राजपूत और उनकी टीम ने ओंकार मंत्र के साथ योगाभ्यास की शुरुआत कराई।
ग्रीवा चालन, हस्त चालन, ताड़ासन, वृक्षासन, वज्रासन, मंडूकासन, भुजंगासन, शलभासन, अर्ध हलासन जैसे योग आसनों के साथ अनुलोम-विलोम, कपालभाति और भ्रामरी प्राणायाम भी कराया गया।
योग के दौरान हर आसन की उपयोगिता और महत्व को भी समझाया गया।

कार्यक्रम के अंत में विधायक ललित चंद्राकर, जिला पंचायत अध्यक्ष तारिणी पुष्पेन्द्र चंद्राकर, उपाध्यक्ष तोमन साहू, कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा समेत अन्य अतिथियों ने स्टेडियम परिसर में पौधरोपण किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!