Skip to main content

प्रदेश रूचि

खाना पसंद नहीं आया,ले ली जान — ठेकेदार की हत्या का चौंकाने वाला कारण..पढ़े पूरी खबर …

ग्राम कंकालिन मंदिर के पास हुई हत्या का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार

बालोद। जिले के ग्राम कंकालिन मंदिर के पास हुई हत्या की गुत्थी को पुलिस ने 48 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। इस सनसनीखेज वारदात में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मृतक की पहचान सरदार सिंह (42), निवासी लक्ष्मीपुरा, जिला नीमच (मध्यप्रदेश) के रूप में हुई थी, जिसकी 18 जून को धारदार हथियार से हत्या कर दी गई थी।

मृतक का बेटा लक्ष्मण गोंड ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि उसका पिता सड़क निर्माण के काम में ठेकेदार के अधीन JCB और ट्रैक्टर वाहन से मुरूम डालने का कार्य करता था। 18 जून की शाम उसे छोटे भाई ने फोन पर बताया कि उसके पिता की हत्या कर दी गई है। मौके पर पहुंचने पर लक्ष्मण ने देखा कि उसके पिता का शव मंदिर के पीछे गेट के पास पड़ा था और पास ही उनकी मोटरसाइकिल पर खून के धब्बे थे।

मामले की गंभीरता को देखते हुए बालोद एसपी योगेश पटेल ने तीन विशेष टीम गठित की, जिनका नेतृत्व गुरूर थाना प्रभारी, पुरूर थाना प्रभारी और साइबर सेल प्रभारी कर रहे थे। तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी की लोकेशन कांकेर जिले के चारामा क्षेत्र में मिली।

पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी प्रवीण कुमार कुंजाम (34 वर्ष), निवासी धानापुरी, थाना गुरूर को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने जुर्म कबूलते हुए बताया कि वह मृतक के पास खाना बनाने का काम करता था, लेकिन खाने में स्वाद न होने की बात पर ठेकेदार द्वारा डांटे जाने से वह गुस्से में आ गया और टांगी से गर्दन के पीछे वार कर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी दूसरे राज्य भागने की फिराक में था, लेकिन पुलिस ने समय रहते उसे दबोच लिया।

पुलिस ने आरोपी के पास से वारदात में प्रयुक्त टांगी और खून से सने कपड़े भी जब्त कर लिए हैं। आरोपी को 20 जून को न्यायालय में पेश किया गया।

जांच में सक्रिय रहे ये अधिकारी:
गिरफ्तारी और विवेचना में थाना गुरूर से निरीक्षक सुनील तिर्की, सउनि कुलेश्वर यादव, प्रधान आरक्षक राकेश साहू, आरक्षक कोमल साहू और गुलाब किशोर, थाना पुरूर से निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा और आरक्षक लिखन साहू तथा साइबर सेल बालोद से प्रभारी जोगेन्द्र साहू, प्र.आर. भुनेश्वर मरकाम, आरक्षक राहुल मनहरे, संदीप यादव, आकाश सोनी और आकाश दुबे की भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!