ड्रीम11 के नाम पर झांसा, झारखंड में युवक का अपहरण — सट्टा ऐप चलाने का बनाया गया दबाव, दो आरोपी गिरफ्तार
छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म ड्रीम11 के नाम पर एक युवक को बहला-फुसलाकर झारखंड ले जाया गया और फिर उसका अपहरण कर लिया गया।
पीड़ित युवक रजत शाह को आरोपी सिमरन कौर और राहुल पासवान 11 मई को झारखंड यह कहकर लेकर गए थे कि वहां उसे ड्रीम11 से जुड़े किसी काम में जोड़ा जाएगा। लेकिन वहां पहुंचने पर सच्चाई सामने आई — रजत को एक अवैध सट्टा ऐप “रेड्डी अन्ना” के संचालन में शामिल होने के लिए दबाव डाला गया, जो कि कुख्यात महादेव ऐप नेटवर्क से जुड़ा बताया जा रहा है।
जब रजत ने इस गैरकानूनी काम से इनकार किया, तो आरोपियों ने उसका अपहरण कर लिया और परिवार से 5 लाख रुपये की फिरौती की मांग की। रजत के परिजनों ने फौरन इसकी सूचना वैशाली नगर थाना पुलिस को दी।
पुलिस की तेज़ कार्रवाई से बची जान
एसपी विजय अग्रवाल के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया, जिसने झारखंड पुलिस की मदद से मोबाइल लोकेशन ट्रेस करते हुए आरोपियों को धर दबोचा। इस दौरान रजत शाह को सुरक्षित बरामद कर लिया गया।
सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि आरोपियों की पहचान सिमरन कौर और राहुल पासवान के रूप में हुई है। पुलिस को जांच में महादेव ऐप नेटवर्क से जुड़े कई डिजिटल और तकनीकी साक्ष्य भी मिले हैं।
बढ़ सकती है गिरफ्तारी की संख्या
पुलिस अब इस गैंग से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में जुट गई है। माना जा रहा है कि यह गिरोह ऑनलाइन सट्टेबाजी के एक बड़े नेटवर्क का हिस्सा है, और आने वाले दिनों में कई और खुलासे हो सकते हैं।




















