आज की छत्तीसगढ के 5 बड़ी खबरें
1. रायपुर: मेकाहारा अस्पताल में आधी रात लगी आग
राजधानी रायपुर के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल, मेकाहारा के क्लिनिकल पैथोलॉजी सेक्शन (कमरा नंबर 152) में देर रात अचानक आग लग गई। घटना के बाद अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। दमकल की टीम ने समय रहते मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया। आग लगने का कारण अभी अज्ञात है। मामला मौदहापारा थाना क्षेत्र का है।
2. सूरजपुर: युवती ने फांसी लगाकर दी जान, परिवार में शोक
सूरजपुर जिले के सिरसी गांव (बसदेई चौकी क्षेत्र) में एक युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने उसे फंदे से उतारा लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुटी हुई है। घटना से गांव में शोक का माहौल है।
3. बिलासपुर: पिता-पुत्र पर बदमाशों का हमला
बिलासपुर के जूना क्षेत्र (सिटी कोतवाली थाना) में 10–15 बदमाशों ने एक घर में घुसकर पिता और पुत्र पर जानलेवा हमला कर दिया। शराब की बोतलें रखने का विरोध करने पर हमला हुआ। दोनों घायलों को गंभीर हालत में सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
4. सूरजपुर: अनियंत्रित ट्रक ने मारी टक्कर, बाल-बाल बचे लोग
कोरिया से रायगढ़ जा रही एक ट्रक सूरजपुर मेन रोड पर अनियंत्रित होकर पहले एक मिनी ट्रक से टकराई, फिर बिजली के खंभों को तोड़ते हुए डिवाइडर में जा घुसी। ट्रक को खलासी चला रहा था। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
5. बालोद: बेमौसम बारिश से फसलों पर संकट
बालोद जिले में एक बार फिर झमाझम बारिश का दौर शुरू हो गया है। सुबह से कई इलाकों में तेज बारिश हो रही है, जिससे तापमान में गिरावट आई है। हालांकि रबी फसलों की कटाई पर इसका नकारात्मक असर पड़ा है। किसान चिंतित हैं और कृषि विभाग सतर्क हो गया है।




















