बालोद – ग्राम पंचायत बिटाल के कबीर आश्रम को आखिरकार एक नई राहत मिली है। विगत 30 वर्षों से आश्रम के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली की तारों की समस्या का समाधान पूर्व जनपद सदस्य संजय बैंस के प्रयासों से संभव हो पाया। यह तार न केवल आश्रम के सामाजिक आयोजनों में बाधक थी, बल्कि लगातार दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती थी।
गौरतलब है कि इस समस्या को लेकर कबीर पंथी और ग्रामीणजन कई बार विधायकों, सांसदों एवं प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष गुहार लगा चुके थे। विभागीय प्रक्रियाओं में उलझे रहने और आर्थिक मांगों के कारण समाधान असंभव प्रतीत हो रहा था। कबीर आश्रम, जो कि दान एवं अनुयायियों के सहयोग से संचालित होता है, विभाग की आर्थिक मांग पूरी करने में असमर्थ था।
समस्या से हताश आश्रम के पदाधिकारी एवं ग्रामवासियों ने क्षेत्र के पूर्व जनपद सदस्य संजय बैंस से संपर्क किया। संजय बैंस ने न केवल समस्या को गंभीरता से सुना, बल्कि तत्परता दिखाते हुए विद्युत विभाग से संपर्क स्थापित कर आवश्यक कार्यवाही शुरू कराई। परिणामस्वरूप महज दो महीनों के भीतर हाईटेंशन तार को हटा दिया गया।
इस सफलता पर ग्रामवासियों और कबीर पंथियों में हर्ष की लहर दौड़ गई। आश्रम परिसर में संजय बैंस के सम्मान में अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया, जहाँ उन्हें शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर जनपद सदस्य झमित बाई, सरपंच पवन बाई चुरेंद्र, पूर्व जनपद सदस्य ललिता पोरते, युवा नेता पुष्पजीत बैंस, राम जानकी अध्यक्ष गौरीशंकर साहू समेत अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ कबीर साहेब की पूजा-अर्चना व आरती से हुआ।
ग्रामीण अध्यक्ष टी.एस. गौर ने कहा कि “हमारी वर्षों पुरानी समस्या का समाधान संजय भैया के प्रयासों से संभव हुआ है। हम पूरे ग्राम की ओर से उनका आभार व्यक्त करते हैं।”
अपने उद्बोधन में संजय बैंस ने कहा, “एक जनप्रतिनिधि होने के नाते जनता की समस्याओं का समाधान करना मेरा कर्तव्य है। कबीर आश्रम की समस्या मुझे बताई गई, मैंने विद्युत विभाग से बात की और उन्होंने भी सहयोग दिया। मेरा मानना है कि कोई भी समस्या बड़ी नहीं होती, बस समाधान की भावना होनी चाहिए।”
संजय बैंस ने कबीर साहेब के दोहों का उल्लेख करते हुए सामाजिक समरसता और प्रेम की भावना को भी रेखांकित किया। उन्होंने कहा, “जात-पात और भेदभाव से ऊपर उठकर यदि हम सब एक साथ चलें, तो समाज और देश का विकास निश्चित है।”
इस समारोह में कबीर समिति के अध्यक्ष परमेश्वर करबगिया, उपाध्यक्ष भुवन दास मानिकपुरी, सचिव ओमप्रकाश साहू, ग्राम विकास समिति के अध्यक्ष टी.एस. गौर, ग्राम पटेल हरकू राम साहू, हनुमान साहू, पूरण साहू, भीखम कोठारी, डॉ. अश्विनी साहू समेत गांव के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।




















