प्रदेश रूचि

“भाजपा मंडल गठन में नजरअंदाज हुए ज़मीनी कार्यकर्ता? सिवनी से उठी विरोध की आवाज़”

जूँगेरा मंडल की कार्यकारिणी घोषणा के बाद पुराने कार्यकर्ताओं में नाराजगी, संगठन के समक्ष चुनौती

बालोद। भारतीय जनता पार्टी बालोद जिला संगठन द्वारा हाल ही में घोषित किए गए नवगठित जूँगेरा मंडल की कार्यकारिणी को लेकर स्थानीय स्तर पर असंतोष की स्थिति बन गई है। मंडल कार्यकारिणी में कुछ नियुक्तियों को लेकर पुराने और ज़मीनी कार्यकर्ताओं ने अपनी नाराजगी जताई है।

ग्राम सिवनी के कार्यकर्ताओं ने एक व्हाट्सऐप समूह में मंडल महामंत्री के रूप में नियुक्त दानेश्वर सिन्हा पर आपत्ति दर्ज कराई, उन्हें कांग्रेस से जुड़ा हुआ बताते हुए विरोध किया। कार्यकर्ताओं का मानना है कि वर्षों से पार्टी के लिए निष्ठा से काम करने वाले लोगों की अनदेखी की जा रही है।

भाजपा जुंगेरा मंडल द्वारा जारी सूची

हालांकि, जिला भाजपा अध्यक्ष चेमन देशमुख का नेतृत्व संगठन को लगातार मजबूती देने वाला रहा है। उनके प्रयासों से ही बालोद जिले में संगठनात्मक ढांचे को सशक्त बनाया गया है और नए मंडलों का गठन इसी दिशा में एक बड़ा कदम है। मगर जूँगेरा मंडल में अध्यक्ष स्तर पर हुई चयन प्रक्रिया में हुई संभावित चूक से संगठन को फील्ड में कुछ विरोध का सामना करना पड़ रहा है।

एक वरिष्ठ कार्यकर्ता ने लिखा, “भाजपा मेरे लिए परिवार की तरह है, लेकिन यदि ज़मीनी कार्यकर्ताओं की अनदेखी होती रही तो यह दूरियां बढ़ा सकती हैं।”

अब सबकी निगाहें इस पर टिकी हैं कि जिला संगठन इस नाराजगी को किस तरह से संभालता है, और क्या कोई सुधारात्मक कदम उठाए जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!