Skip to main content

प्रदेश रूचि

Balod:राजू ढाबा पर पुलिस की रेड, 5.4 लीटर अवैध शराब जब्त, संचालक गिरफ्तार

बालोद। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे “मिशन नवचेतना” अभियान के तहत बालोद पुलिस ने अवैध शराब बिक्री के विरुद्ध एक और प्रभावी कार्रवाई करते हुए पुरूर थाना क्षेत्र के राजू ढाबा में छापेमार कार्रवाई की। पुलिस ने ढाबा संचालक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से बिक्री के लिए छिपाकर रखी गई 5.400 बल्क लीटर देशी प्लेन शराब जब्त की है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी गुरूर माया शर्मा के पर्यवेक्षण में जिलेभर में अवैध शराब, गांजा और अन्य नशीले पदार्थों के खिलाफ विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 20 जुलाई को थाना पुरूर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम पुरूर के राजू ढाबा में अवैध रूप से शराब रखकर बिक्री की जा रही है।


सूचना मिलते ही थाना पुरूर पुलिस टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग-30 स्थित ग्राम मरकाटोला में संचालित राजू ढाबा पर दबिश दी। तलाशी के दौरान ढाबा संचालक राजू साहू (42 वर्ष), निवासी पोस्ट ऑफिस वार्ड, थाना एवं जिला धमतरी के कब्जे से 30 पाव देशी प्लेन शराब (प्रत्येक 180 मिलीलीटर) बरामद हुई। कुल 5.400 बल्क लीटर शराब की अनुमानित कीमत लगभग 2,400 रुपये बताई गई है।

पुलिस ने मौके पर शराब जब्त करते हुए आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। मामले की आगे की विवेचना जारी है।
नशामुक्त जिले की दिशा में अभियान
बालोद पुलिस का “मिशन नवचेतना” अभियान जिले में अवैध शराब, मादक पदार्थों के निर्माण, संग्रहण, परिवहन और बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से लगातार संचालित किया जा रहा है। अभियान के माध्यम से युवाओं और आम नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों पर लगातार कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई में इनकी रही भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक जोगेंद्र साहू, प्रशिक्षु उप निरीक्षक चित्रलेखा खाण्डेय, सहायक उप निरीक्षक त्रिपेश्वर राम भगत, आरक्षक लिखन साहू तथा आरक्षक किशोर साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!