प्रदेश रूचि

बालोद में अब लापरवाही नहीं चलेगी: बिना हेलमेट पेट्रोल बंद, ऑफिस लेट वालों पर कार्रवाई, सड़क से मवेशी हटेंगे, दुकानों की होगी छापेमारी”

सड़क हादसे रोकने कलेक्टर दिव्या मिश्रा ने दिए सख्त निर्देश, पेट्रोल बिना हेलमेट वालों को नहीं मिलेगा

बालोद, जिले में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को लेकर कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा सख्त नजर आईं। समय-सीमा की बैठक में उन्होंने पुलिस, राजस्व और नगरीय निकायों को मिलकर पुख्ता एक्शन प्लान तैयार करने को कहा।

कलेक्टर ने जिला खाद्य अधिकारी को साफ निर्देश दिए कि बिना हेलमेट दोपहिया चालक को पेट्रोल नहीं मिलेगा। इसके लिए सभी पेट्रोल पंप संचालकों को आदेश जारी करने को कहा गया है। साथ ही पुलिस को ट्रिपल सवारी और मालवाहनों में लोगों को ढोने वाले चालकों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश मिले हैं।

सड़कों पर मवेशी नहीं, अधिकारी तय करें जिम्मेदारी

श्रीमती मिश्रा ने चौराहों और सड़कों पर घूमने वाले मवेशियों को हटाने की ठोस व्यवस्था बनाने की बात कही। इसके लिए नगर पालिका, राजस्व और पुलिस को समन्वय के साथ काम करने को कहा गया।

समय पर ऑफिस पहुंचें, बायोमेट्रिक से होगी जांच

कलेक्टर ने सभी विभाग प्रमुखों से कहा कि सुबह 10 बजे तक ऑफिस में सभी कर्मचारी मौजूद रहें, और शाम 5.30 बजे तक कार्यस्थल पर बने रहें। उन्होंने चेतावनी दी कि बायोमेट्रिक उपस्थिति की खुद जांच की जाएगी और जो लापरवाही करेगा, उस पर कार्रवाई तय है।

खाद-बीज पर सख्ती, कालाबाजारी रोकने संयुक्त टीम

मौजूदा खरीफ सीजन को देखते हुए कलेक्टर ने कृषि विभाग को जिले में खाद और बीज की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। तय दामों से ज्यादा पर बिक्री न हो, इसके लिए कृषि, राजस्व और अन्य विभागों की संयुक्त टीम बनाए जाने की बात भी कही गई। दुकानें अब नियमित जांच के दायरे में रहेंगी।

जर्जर स्कूल भवनों में नहीं लगेगी क्लास

बैठक में स्कूलों की हालत को लेकर भी समीक्षा हुई। कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को सख्त निर्देश दिए कि कहीं भी जर्जर स्कूल भवनों में कक्षाएं न लगें। यदि ऐसा पाया गया तो जिम्मेदारी तय होगी।

नालंदा परिसर और सेंट्रल लाइब्रेरी का टेंडर जल्द

मुख्यमंत्री घोषणाओं के तहत बालोद जिला मुख्यालय में प्रस्तावित नालंदा परिसर और सेंट्रल लाइब्रेरी के टेंडर की स्थिति की भी समीक्षा हुई। वहीं लोक निर्माण विभाग से बालोद शहर में डिवाइडर निर्माण की प्रगति की जानकारी ली गई।

स्थानांतरित कर्मचारियों को दी शुभकामनाएं

बैठक के अंत में कलेक्टर ने अन्यत्र स्थानांतरित होने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को भावभीनी शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि “आप सभी की मेहनत और कार्यकुशलता से बालोद ने जल-जतन अभियान और अन्य योजनाओं में बढ़िया प्रदर्शन किया है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!