बालोद/ डौंडीलोहारा।मनरेगा मेट संघ डौंडीलोहारा (पंजीयन क्रमांक 23196/12) की मासिक बैठक मां दंतेश्वरी प्रांगण में आयोजित की गई, जिसमें ब्लॉक और जिला स्तर के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में मेट साथियों ने हिस्सा लिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य संगठन को मजबूत बनाना, मेट साथियों के अधिकारों की रक्षा और रोजगार गारंटी योजना में कार्यस्थल की चुनौतियों पर विचार करना रहा।
बैठक की शुरुआत में उपस्थित मेट सदस्यों ने संघ के सुचारू संचालन के लिए अपने सुझाव साझा किए और कार्य को पूरी ईमानदारी, समर्पण व अनुशासन के साथ करने का संकल्प लिया। भविष्य के लिए दूरगामी रणनीतियों पर भी विचार किया गया, ताकि मेट समुदाय को किसी भी प्रकार की प्रशासनिक या कार्यस्थल संबंधी परेशानी न हो।
इस दौरान सदस्यता अभियान को गति देने की बात कही गई, जिससे अधिक से अधिक साथी संगठन से जुड़ सकें और सामूहिक ताकत का लाभ उठाया जा सके। साथ ही, उन साथियों से अपील की गई जो अब तक सदस्य नहीं बन पाए हैं, वे शीघ्र ही सदस्यता शुल्क जमा कर संगठन से जुड़ें।
बैठक में रीवागहन की मेट बहनों के साहसिक प्रयासों की सराहना की गई, जिन्होंने अपने अधिकारों के लिए निडर होकर आवाज उठाई और पूरे जिले में एक उदाहरण प्रस्तुत किया। दिव्यांग मेट साथी श्री मुकेश धनकर की सक्रिय भागीदारी को भी गर्व का क्षण बताया गया।
मजदूर और मेट: रोजगार गारंटी के दो मजबूत स्तंभ
संगठन पदाधिकारियों ने कहा कि महात्मा गांधी रोजगार गारंटी योजना की सफलता मेट और मजदूर दोनों की सहभागिता पर निर्भर है। यदि मेट न हो तो योजना संचालन असंभव है, और मजदूर के बिना कार्य अधूरा है। ऐसे में दोनों को आपसी समन्वय, विश्वास और सहयोग की भावना के साथ कार्य करना होगा।
बैठक में यह चिंता भी जताई गई कि अक्सर अधिकारियों की नजर में गलती मेट की ही मानी जाती है, जबकि वही मेट साथी मजदूरों की समस्याओं को हल करने में सबसे आगे रहते हैं। बैठक में यह भावना व्यक्त की गई कि अब समय है कि मेट और मजदूर एक-दूसरे के सहयोगी बनें, न कि विरोधी।
पदाधिकारी और प्रमुख सहभागिता
बैठक में संघ अध्यक्ष विष्णु कोठारी, उपाध्यक्ष कीर्तन देवांगन, कोषाध्यक्ष ओंकार साहू, सचिव नोहर साहू, जिला उपाध्यक्ष तीरथ साहू, जिला सचिव प्रीतम साहू सहित अनेक सक्रिय सदस्यों ने भाग लिया। अन्य सहभागियों में कविता चतुर्वेदी, पूर्णिमा प्रजापति, पूरंजन साहू, लोकेश्वरी देशलहरे, अश्विनी साहू, लता सांतर, गीता बघेल, जयश्री साहू, शिवकुमार, नकुल चंद्राकर, जितेंद्र साहू, मुकेश धनकर, योगेश तारम, महेंद्र निर्मलकर, ओमशंकर सहारे समेत दर्जनों मेट साथी उपस्थित रहे।
अगली बैठक आगामी 28 जुलाई को संभावित
बैठक के अंत में आगामी बैठक 28 जुलाई 2025 को आयोजित करने का प्रस्ताव पारित हुआ। संघ की ओर से सभी मेट साथियों से अनुरोध किया गया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर संगठन को मजबूती देने में अपना योगदान दें।




















