बालोद: सड़क हादसों पर युवा कांग्रेस का अल्टीमेटम — यातायात व्यवस्था नहीं सुधरी तो होगा आंदोलन
बालोद |जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को लेकर अब युवा कांग्रेस और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने मोर्चा खोल दिया है। गुरुवार को पार्षद सुमित शर्मा के नेतृत्व में युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा और यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की। ज्ञापन में चेताया गया है कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो जनआंदोलन किया जाएगा।
ज्ञापन में कहा गया है कि जिले में विशेषकर आयरन ओर ले जाने वाले भारी वाहन बेतरतीब ढंग से संचालित हो रहे हैं, जिनमें अधिकतर ओवरलोड होते हैं और तेज रफ्तार में चलते हैं। इससे दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं। हाल ही में हुई दुखद दुर्घटना के बाद आमजन में आक्रोश है।
युवा कांग्रेस ने प्रशासन से मांग की है कि:
झलमला चौक से दल्ली चौक तक सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं
तेज रफ्तार वाहनों पर स्पीड गवर्नर की सख्ती से जांच हो
नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने पर प्रतिबंध लगे और कार्रवाई हो
शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर भारी जुर्माना हो
भारी वाहनों की फिटनेस और ड्राइवर का हैवी लाइसेंस जांचा जाए
युवा कांग्रेस के प्रशासनिक महामंत्री आदित्य दुबे ने कहा कि
> “दुर्घटनाओं के पीछे प्रशासनिक लापरवाही भी जिम्मेदार है। अब कार्रवाई नहीं हुई तो युवाओं के साथ मिलकर सड़क पर उतरेंगे।”
पार्षद सुमित शर्मा ने बताया कि एसपी ने सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई का भरोसा दिया है। यातायात शाखा को निर्देशित किया गया है कि ओवरलोड वाहनों, स्पीड गवर्नर, शराब सेवन और अवैध लाइसेंस की जांच सख्ती से की जाए।इस मौके पर शहर अध्यक्ष साजन पटेल, वैभव शर्मा समेत कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
पार्षद सुमित शर्मा ने बताया कि एनएच और परिवहन विभाग के उच्चाधिकारियों को भी पत्र प्रेषित किया गया है और आगे जनहित में आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
बालोद जिले में एनएच समेत प्रमुख सड़कों पर सुरक्षा व्यवस्था लचर है। न तो पर्याप्त चेतावनी संकेत हैं, न स्पीड कंट्रोल उपाय। ऐसे में लोगों का आक्रोश अब संगठित विरोध का रूप ले रहा है।




















