बालोद: जिले में अवैध रेत खनन का मामला थमने का नाम नही ले रहा है। जिले के गुरुर, डौंडी और गुंडरदेही ब्लॉक के अलग अलग गांव में रात के अंधेरे में रेत खनन का काम लगातार जारी है। इस काम में तथाकथित भाजपा और कांग्रेस नेताओ के द्वारा आपसी तालमेल बिठाकर धड़ल्ले से इस अवैध खनन को अंजाम दिया जा रहा है। आपको बता दे कुछ दिनो पहले खनिज विभाग द्वारा गुंडरदेही ब्लॉक के रंगकठेरा, चंदनबिरही स्थित खदान पर लगे चैन माउंटेन पर कार्यवाही की गई थी। वही इस कार्यवाही के कुछ दिन बाद ही गुरुर ब्लाक के पोंड और भैंसमुड़ी स्थित महानदी में रेत माफियाओं द्वारा चैन माउंटेन मशीन उतारकर रात के अंधेरे में रेत खदान का संचालन किया जा रहा था। वही खनिज विभाग द्वारा कार्यवाही के नाम पर पोंड में संचालित रेत खदान में लगे चैन माउंटेन पर कार्यवाही करते हुए मशीन को जब्त कर लिया गया था। लेकिन पोंड में कार्यवाही के बाद माफियाओं ने भैंसमुड़ी में संचालित मशीन से पोंड के खदान में रेत खनन प्रारंभ कर दिया गया था।जिसके बाद ग्रामीणों द्वारा इस अवैध खनन के खिलाफ लामबंद होते हुए खनन में लगे चैन माउंटेन और हाइवा को खड़ा करवाकर खनिज विभाग को सूचना दी गई। वही ग्रामीणों की सूचना के बाद खनिज विभाग की टीम मौके पर पहुंची और अवैध खनन में लगे चैन माउंटेन और हाइवा को जब्त कर मरकाटोला पुलिस कैंप में खड़ा कर दिया गया है। वही एक चैन माउंटेन को पोंड सरपंच के सुपुर्द किया गया हैं। खनिज विभाग की इस कार्यवाही से जहां माफियाओं में हड़कंप की स्थिति मची हुई है।
डौंडी एसडीएम को अवैध रेत खनन की जानकारी ही नही
वही जिले के डौंडी ब्लाक के लैनकसा, ठेमाखुर्द में तथाकथित भाजपा नेताओ द्वारा धडल्ले से रेत खदान का संचालन किया जा रहा है। लेकिन इस खदान पर अब तक कोई कार्यवाही नहीं की गई है। सूत्र बताते हैं कि खदान का संचालन कर रहें लोगों के द्वारा नेताओ और अधिकारियों को जेब मे रखने की बात कही जा रही है। तभी तो करीबन 4 दिनों से शुरू लैनकसा-ठेमाखुर्द में दो दो चैन माउंटेन मशीन से रेत का अवैध उत्खनन किये जाने की जानकारी प्राप्त ही रही है। खदान संचालन और रेट का बकायदा वाट्सएप में प्रचार प्रसार किया जा रहा हैं। 10-14 चक्का हाइवा का रेट फिक्स किया गया है। सबसे बड़ी बात यह है कि क्षेत्र के एसडीएम नूतन कुमार कंवर को इस बात की जानकारी ही नहीं है, की उनके क्षेत्र में अवैध रूप से रेत का खनन किया जा रहा है वे स्थानीय पत्रकार के द्वारा जानकारी दिए जाने के बाद कार्यवाही करने की बात कहते नजर आ रहे हैं। वही हर बार कि तरह खनिज विभाग मूकदर्शक बना हुआ है। यही नही जब पोंड और भैंसमुड़ी जैसे खदानों पर कार्यवाही हुई तो दूसरी तरफ डौंडी ब्लाक लैनकसा,पटेली में अवैध रेत खनन किये जाने की जानकारी मिल रही है।
फिर शुरू हुआ सीएम हाउस के नाम पर खदान
आपको बता दे भाजपा सत्ता में आने से पहले पूर्ववर्ती सरकार को अवैध रेत खनन मामले में लगातार घेरते नजर आई थी।वही सीएम हाउस से खदान के संचालन मामले पर भाजपा लगातार हमलावर थी। लेकिन जिस मुद्दे को हथियार बनाकर भाजपा विपक्ष से सत्ता में लौटी है। वही मुद्दा फिर एक बार सामने आने लगा है। जिले के अलग अलग जगहों पर संचालित रेत खदानों में शामिल लोगो की दबंगई भी देखने को मिली है। तथा सूत्रों की माने तो बुधवार दरमियानी रात को कार्यवाही करने पहुंचे खनिज विभाग की टीम कें साथ रायपुर के एक नेता द्वारा लगातार कार्यवाही नही करने को लेकर दबाव भी बनाया गया है तथा कार्यवाही करने पर सीधे सीएम हाउस से कॉल आने का हवाला देते नजर आए। वही जिले के डौंडी ब्लाक में संचालित रेत खदान को लेकर भी हाइवा चालको में चर्चा का विषय है। कि इस खदान में कार्यवाही नही होगी। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार इस खदान में सक्रिय माफियाओं द्वारा इस खदान में धमतरी निवासी मुख्यमंत्री के एक रिश्तेदार के शामिल होने की जानकारी हाइवा चालको को दी जाती है। और इस खदान में किसी तरह की कार्यवाही नही होने की गारंटी के साथ धडल्ले से पिछले 4 दिनो से खदान का संचालन किया जा रहा है। वही हाइवा संचालको में भी पशोपेश की स्थिति निर्मित है। पिछले दो दिनों में खनिज विभाग द्वारा देर रात तक की गई कार्यवाही के बाद हाइवा चालकों में दहशत की स्थिति बनी हुई है। लेकिन खदान संचालकों के आश्वासन पर डौंडी ब्लाक के लैनकसा में अवैध रेत खनन का कार्य धडल्ले से जारी है। बहरहाल देखना होगा बालोद जिले में संचालित अवैध रेत खदान के संचालन पर कब तक पाबंदी लग पाएगी।
सीएम के मंसूबों पर फिर रहा पानी
जब से छत्तीसगढ़ में विष्णु देव साय की सुशासन सरकार काबिज हुई है, तब से भ्रष्टाचार और अवैध कामों पर लगाम लगाने मुख्यमंत्री और उनके मंत्रीगण प्रतिबद्ध नज़र आ रहे है। मुख्यमंत्री स्वयं अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर अवैध कामों में नकेल कसने निर्देशित कर रहे हैं। क्योंकि खनिज विभाग मुख्यमंत्री के पास है। ऐसे में खनिज माफिया उनके ही विभाग में सेंधमारी कर रहे हैं। मुख्यमंत्री की छवि को खनिज माफिया धूमिल करने में लगे है। जिससे मुख्यमंत्री के मंसूबो पर पानी फिर रहा है।
पूरे मामले को लेकर भाजपा जिलाध्यक्ष चेमन देशमुख ने कहा ‘ये भाजपा की सुशासन सरकार है, कोई भी अवैध काम बर्दाश्त नही किये जायेंगे, खनिज विभाग को चाहिए की कड़ी से कड़ी कार्रवाई करें, अगर किसी जब्त मशीन को तोड़कर दोबारा उससे खनन किया जा रहा है, तो उचित कानूनी कार्रवाई करें। सरकार का डर और भय लोगों में और खनिज माफिया में दिखना चाहिए। इस विषय पर कलेक्टर से भी बातचीत की जाएगी।




















